उत्तराखंड,पीएम मोदी ने किया हर्रावाला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन,19 करोड़ से बदला हर्रावाला स्टेशन का स्वरूप

हरिद्वार,अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन दून घाटी की सुंदरता और उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला व सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। यहं यात्रियों को विश्वस्तरीय अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में रेलवे के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से इस वर्ष रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जिससे प्रदेश में 39,491 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का भी 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जो पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार देगी। कहा कि यह आधुनिक स्टेशन विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के विकल्प रहित संकल्प को मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना केवल रेल संपर्क का विस्तार नहीं करेगी, बल्कि गढ़वाल क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को भी नई गति देगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वर्तमान में भी 2,000 से अधिक युवा प्रत्यक्ष रूप से इस रेल परियोजना के निर्माण कार्य से जुड़े हुए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद चारधाम यात्रा, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अनुरोध पर नांदेड़ साहिब के लिए भी ट्रेन सेवा शुरू की गई है, जिससे रीठा साहिब और सीमांत क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,700 करोड़ रुपये का रेल बजट दिया है। वर्तमान में प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके तहत स्टेशन भवन का कायाकल्प करने के साथ ही प्लेटफॉर्म पर आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। कहा कि अब जल्द ही दूसरे फेज का काम शुरू होगा, जिसमें प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के साथ-साथ नए प्लेटफॉर्म का निर्माण भी किया जाएगा। हर्रावाला स्टेशन को भविष्य की बढ़ती आबादी और संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्टेशन पर अन्य ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) का प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है, जिसे मंजूरी मिलते ही लागू कर दिया जाएगा। अभी इस स्टेशन पर दून आने और यहां से जाने वाली पांच ट्रेनों का ठहराव है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि यात्रियों के समय की बचत के लिए देहरादून-हरिद्वार रेल खंड के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने पर भी तेजी से काम चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *