उत्तराखंड,बदरीनाथ मंदिर के बहुचर्चित चढ़ावा एवं दान सामग्री चोरी प्रकरण में विशेष जांच दल (SIT) ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार जोशीमठ के लामबगड़ स्थित जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की जलविद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-3, नूरपुर, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) निवासी मनोज कुमार बदरीनाथ धाम के समीप लामबगड़ स्थित जल विद्युत परियोजना की जेपी कंपनी में तैनात है। वह कंपनी के अधिकारियों व उनके रिश्तेदारों को भगवान बदरीनाथ के दर्शन कराने की जिम्मेदारी संभालता था और चढ़ावा गणना के दौरान अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था। इसी दौरान वह हाथ साफ कर लेता था।
उधर, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न करीब ढाई बजे पुलिस ने लामबगड़ स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में लेकर बदरीनाथ थाने पहुंचाया, जहां गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली। बताया कि चोरी की कुछ सामग्री उसके आवास पर है, कुछ सामग्री यात्रियों को बेच दी और कुछ सामग्री मेहमानों को गिफ्ट कर दी। उसके आवास से चोरी का काफी सामान मिल गया है। पुलिस मंदिर समिति से जुड़े कई अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
