उत्तराखंड के चमोली जिल में प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला है। यहां भारत-चीन सीमा के पास लता गांव के नजदीक बादल फटने से बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) का एक पुल बह गया। यह पुल भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला नीति मोटर मार्ग पर था। उफनते पानी की चपेट में आकर बह गया ये पुल एक महीने पहले ही नीती घाटी में बने तमक नाले में तैयार किया गया था। पुल के टूटने के बाद नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। जिले की नीति घाटी में आज शाम हुई भारी बारिश के दौरान बादल फटने के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया था जिसके बाद यह मंजर देखने को मिला है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
पुल के बहने के दौरान GREIF का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058, बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 तथा एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुए। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक NK पंकज कुमार के बहने की सूचना है, जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित साइड किया गया है।
मेजर वीके सोनी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वे सभी लोग साइट से लौटकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान तमक नाले के ऊपर अचानक भारी मात्रा में पानी आता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए सभी लोग अपने वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। अधिकांश लोग पहाड़ी की ओर भागे, लेकिन उनका चालक पंकज सड़क की ओर भाग गया और तेज बहाव में बह गया।
जिला अधिकारी गौरव कुमार सिंघल ने तुरंत घटनास्थल के लिए रेस्क्यू टीमें रवाना कर दी हैं। साथ ही संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें
।
