हरिद्वार,उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से साइबर क्राइम हॉटस्पॉट और संभावित हॉटस्पॉट को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 35 एटीएम/डेबिट कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और 37,500 रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बीती 25 अगस्त की रात श्यामपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान सज्जनपुर पीली क्षेत्र में मुखबिर ने सूचना दी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में कुछ लोग साइबर ठगी से जुड़े हैं. सूचना पर पुलिस ने रसियाबड़ सिंगल लाइन प्वाइंट पर चेकिंग शुरू कर दी. कुछ देर बाद चिड़ियापुर की ओर से आई कार को रोककर तलाशी ली गई. कार में पांच लोग सवार थे. तलाशी के दौरान एक बैग से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप
14 पासबुक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, एसबीआई, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक और नैनीताल बैंक समेत कई बैंकों के खाते मिले हैं. इन खातों का संबंध हरिद्वार, कनखल, ऋषिकेश, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से है. वहीं 35 एटीएम कार्ड भी अलग अलग बैंकों के हैं। मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में वाट्सअप चैट के जरिये बैंक खाता नंबर, खाताधारकों के नाम, क्यूआर कोड और लेनदेन से जुड़ी जानकारी साझा किए जाने के साक्ष्य मिले. पुलिस को मोबाइल की गैलरी में कई बैंक पासबुक और खातों से संबंधित दस्तावेजों की तस्वीरें भी मिली हैं.
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया नालंदा बिहार में एक बड़ा साइबर फ्रॉड गिरोह पकड़ा गया है. इस केस में अभी और भी कई आरोपी जुड़े हैं. खाता धारकों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. टीम को बिहार भेजा जा रहा है. जैसे भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते: कृष्णा पाण्डे, उम्र 24 वर्ष, नालंदा, बिहार, निरंजन कुमार, उम्र 24 वर्ष, नवादा, बिहार, सन्नी, उम्र 21 वर्ष, हरिद्वार, चन्द्रमणि कुमार, उम्र 24 वर्ष, नवादा, बिहार, चन्दन पाण्डे, उम्र 20 वर्ष, हरिद्वार
