Haridwar,पश्चिम एशिया में संकट गहराता जा रहा है। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि ईरान के साथ जारी जंग जल्द खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब वह चाहेंगे, तब यह युद्ध समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने फोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अब निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है। थोड़ा बहुत ही बचा है। मैं जब चाहूं, यह युद्ध खत्म हो जाएगा। हालांकि ट्रंप के बयान के बावजूद अमेरिकी और इजराइली अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि सैन्य कार्रवाई कब रोकी जाएगी. ट्रंप ने बुधवार को समाचार वेबसाइट एक्सियोस को फोन पर दिए एक छोटे इंटरव्यू में यह बातें कही. यह बातचीत करीब 5 मिनट चली.
ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध अमेरिका की योजना से भी ज्यादा सफल रहा है. उन्होंने कहा कि तय छह हफ्तों की योजना के मुकाबले अमेरिका ने उससे भी ज्यादा नुकसान ईरान को पहुंचाया है. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की दुश्मनी सिर्फ अमेरिका और इजराइल तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह पूरे मिडिल ईस्ट को निशाना बनाना चाहता था. उन्होंने कहा, ‘ईरान ने पिछले 47 सालों में जो हिंसा और तबाही फैलाई है, अब उसकी कीमत चुका रहा है. यह उसी का जवाब है और वह इतनी आसानी से बच नहीं पाएगा.’
इधर, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बुधवार को कहा कि यह युद्ध बिना किसी समय सीमा के जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जब तक सभी सैन्य लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते और पूरी तरह जीत हासिल नहीं हो जाती, तब तक अभियान जारी रहेगा. अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देश ईरान पर कम से कम दो हफ्ते तक और हमले करने की तैयारी कर रहे हैं.
