उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल को पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।पत्नी की ओर से लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी और उत्पीड़न के आरोपों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस ने शनिवार सुबह झांसी से उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एसआईटी की टीम और पुलिस उसे लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई है।इस गिरफ्तारी को मामले में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। अब पुलिस गिरधारी लाल साहू से पूछताछ करेगी। मामले में आगे की जांच और पूछताछ के बाद नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े उत्पीड़न मामले में उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को अदालत से राहत नहीं मिली थी। देहरादून की पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं एससी-एसटी एक्ट की विशेष न्यायाधीश अंजलि बेंजवाल की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
अदालत ने माना कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों से प्रथमदृष्टया अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध बनता दिखाई देता है। ऐसे में अधिनियम की धारा 18 और 18ए के तहत अग्रिम जमानत पर प्रतिबंध लागू होता है।
गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अग्रिम जमानत मांगी थी। उन्होंने पत्नी के मंत्री पद के प्रभाव से गिरफ्तारी का भय जताया था। वह खुद अदालत में पेश नहीं हुए और पैरोकार के माध्यम से अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी। इसके बाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।
