हरिद्वार,धर्मनगरी हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के घोसीयान मोहल्ले में बुधवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ज्वालापुर के मोहल्ला घोसियान में दो पक्षों के बीच काफी पुरानी रंजिश चली आ रही है। कई बार मारपीट और पथराव हो चुका है। दो महीने पहले भी दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। पथराव से कई लोग घायल हुए थे और गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई थी।बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस मुकदमें दर्ज किए थे। बुधवार को दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हो गया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्ष करीब आधा घंटे तक एक दूसरे पर पथराव करते रहे। जिससे कई लोग घायल हो गए। राहगीरों में अफरा तफरी मच रही। पड़ोसी अपने घरों में कैद रहे। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते पथराव की जानकारी मिली है। किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
