हरिद्वार,संत सम्मेलन में पहुंचे सीएम धामी 

हरिद्वार,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक प्रमुख आश्रम के स्थापना दिवस समारोह एवं संत सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुंभ 2027 की तैयारियों समेत धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता पर चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने संत समाज को भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्र चेतना का संवाहक बताते हुए कहा कि इतिहास में संतों एवं मनीषियों ने समाज को मार्गदर्शन देने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में संत समाज का योगदान अतुलनीय है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर का साक्षी बन रहा है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम पुनर्विकास जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं।उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है, जहां भारतीय दर्शन, संस्कृति एवं सभ्यता पर शोध कार्य किए जाएंगे। हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना भी की जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिचेतानन्द जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए संत समाज से राज्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद देने का आग्रह किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी भूषण, कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री प्रदीप बत्रा, संतगण शामिल रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *