अमरनाथ यात्रा स्थगित: अब पवित्र गुफा की ओर नहीं बढ़ सकेंगे श्रद्धालु

जम्मू। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र श्री अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर लागू रहेगा।कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई से बालटाल तथा नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविर से किसी भी श्रद्धालु को आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह निलंबन पूरी तरह से एक एहतियाती कदम है ताकि पहाड़ी रास्तों पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह के मौसम जनित खतरे का सामना न करना पड़े। मौसम साफ होने और पूरे यात्रा मार्ग की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा करने के बाद ही यात्रा दोबारा बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा। यात्रा दोबारा शुरू होने के संबंध में जल्द ही ताजा अपडेट जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें। गौरतलब है कि मौजूदा अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.7 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *