उत्तराखंड रोडवेज बसों के पहिए आज से अनिश्चितकाल के लिए जाम रहेंगे। कर्मचारी यूनियन ने वेतन भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। करीब 3500 चालक और परिचालक कार्य बहिष्कार करेंगे। इससे रोडवेज सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी व तीनों महाप्रबंधकों की मौजूदगी में यूनियन पदाधिकारियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में किसी भी प्रमुख मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद यूनियन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से प्रदेशभर में बेमियादी कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है।
साधारण बसों का संचालन 60 प्रतिशत ठप
देहरादून : रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से यात्री सुबह से परेशान हैं। लंबे रूट की अनुबंधित बसों को छोड़कर साधारण बसों का संचालन 60 प्रतिशत ठप है। लंबित मांगों पर कार्यवाही न होने से रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया सरकार मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। मुख्यालय स्तर पर यूनियन के पदाधिकारियों ने क्रमवार मांगों पर कार्यवाही को लेकर वार्ता की । लेकिन वार्ता विफल हो गयी। जिसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया। रोडवेज की स्थिति खराब होती जा रही है। कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।
