हरिद्वार,अभिनेता और लेखक आशुतोष राणा ने सनातन धर्म के महत्वपूर्ण महीने यानी पुरुषोत्तम मास में बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए। बुधवार को बद्रीनाथ पहुंचकर उन्होंने इस अवसर को अपना सौभाग्य बताया और चार धाम यात्रा को परम कल्याण का मार्ग भी बताया।आशुतोष राणा ने बद्रीनाथ धाम में दर्शन के बाद अपने दिव्य अनुभव को साझा करते हुए कहा कि पुरुषोत्तम मास में चार धाम की यात्रा करना परम सौभाग्य की बात होती है, बद्रीनाथ और केदारनाथ के दर्शन करना उनके जीवन का सौभाग्य है।
राणा ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद प्रशासन कुशलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा का संचालन कर रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने पुरुषोत्तम मास में चारधाम यात्रा के विशेष धार्मिक महत्व का भी उल्लेख किया।राणा ने बताया कि उन्हें एक ही दिन में बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीनाथ के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाएं देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।
उन्होंने विशेष रूप से प्रशासन और सुरक्षा बल के प्रति अपना आभार व्यक्त किया, और कहा कि पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान भक्तों और भगवान के बीच एक अवरोध के बजाय, एक सहायक की तरह कार्य कर रहे हैं, जो श्रद्धालुओं की यात्रा को अत्यंत शांति, कुशलता और प्रेमपूर्ण तरीके से सुगम बना रहे हैं।
