देवबंद,बाइक की चेन टूटने से सड़क पर गिरे बुजुर्ग की मौत

देवबंद। ब्यूरो चीफ खिलेंद्र गांधी)सिड़की-झबरेड़ा मार्ग पर बाइक की चेन टूटने से हुए हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। बाइक के पहिये में चेन फंसने से संतुलन बिगड़ा और बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

क्षेत्र के चौंदाहेड़ी गांव निवासी सतपाल सिंह शुक्रवार को रणमलपुर गांव में एक परिचित के यहां आयोजित मढ़े में शामिल होने गए थे। शाम को बाइक से घर लौटते समय सिड़की-झबरेड़ा मार्ग पर अचानक बाइक की चेन टूटकर पिछले पहिये में फंस गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और सतपाल सिंह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

उधर, हादसे के बाद आशंका जताई जा रही थी कि बुजुर्ग किसी ट्रक की चपेट में आए हैं। इस पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की, लेकिन बाद में बाइक की चेन टूटने से हादसा होने की पुष्टि हुई। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *