देहरादून, सीएम आवास घेरने निकले पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज

देहरादून,देहरादून में अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसके बाद अफरा तफरी मच गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में पीआरडी जवान परेड ग्राउंड में एकत्र हुए। वहां से वे जुलूस के रूप में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने लगे। जवानों के हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां थीं और वे समान वेतन की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

 

पुलिस को इसकी पूर्व सूचना थी। एहतियात के तौर पर हाथीबड़कला क्षेत्र में भारी बैरिकेडिंग लगाई गई थी। पुलिस ने जवानों को वहीं रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जवान नहीं माने।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जवानों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और जवानों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके।

 

*ये हैं प्रमुख मांगें -*

पीआरडी जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से समान काम के लिए समान वेतन की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा नियमित रोजगार, ड्यूटी में स्थायित्व और अन्य सेवा लाभों की भी मांग है। जवानों का आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।

 

एक आंदोलनकारी जवान ने कहा, “हम सालों से अल्प वेतन पर सेवा दे रहे हैं। महंगाई के दौर में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार अब ठोस फैसला ले।”

 

उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जवानों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *