रुड़की के मंगलौर में पुराना नहर पुल के पास आज दोपहर 12 बजे हादसा हुआ। दिल्ली से ऋषिकेश शादी में जा रहे 23 यात्रियों से भरे टेंपो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ई-रिक्शा से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर से चीख-पुकार मच गई।जानकारी के मुताबिक दिल्ली से 25 सीटर टेंपो ट्रैवलर में 23 यात्री सवार होकर ऋषिकेश में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी पुराना नहर पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में पश्चिम बंगाल के मालदा की 55 वर्षीय महिला सुमित्रा देवी अग्रवाल घायल हो गई हैं, जिन्हें मंगलौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया, सभी 23 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे वाहन से ऋषिकेश के लिए रवाना किया। क्रेन से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया गया। दोनों वाहन पुलिस कब्जे में हैं।सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
