हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेले के दृष्टिगत देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने हेतु मेला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कुम्भ मेले के दौरान रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए हरिद्वार सहित अन्य निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जमीनी कवायद तेज कर दी गई है।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर करीब दस हजार यात्रियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
कुंभ मेले के दौरान रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन की संभावना को देखते हुए हरिद्वार सहित अन्य निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी गई है। मेलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रशासन और रेलवे दाेनों मिलकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से संबंधित स्थायी प्रकृति के अधिकांश कार्यों को राज्य सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इनके जल्द पूर्ण होने के लिए निरंतर निगरानी और समीक्षा की जा रही है।मेलाधिकारी और अपर मेलाधिकारी ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोडा बैराज, रोड़ीबेलवाला, खड्डा पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था को लेकर तय समय तक सभी व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी और आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। हरिद्वार के निकटवर्ती मोतीचूर, ज्वालापुर और रायवाला रेलवे स्टेशनों को भी सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता बताते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश अपर व सहायक मेला अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, रेलवे और जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे।
