हरिद्वार, थाना सिडकुल क्षेत्र के गायत्री विहार कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर से काफी बदबू आ रही थी जब आस पास की लोगों ने जाकर देखा तो सेफ्टी टैंक में एक युवक का शव मिला जिसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
मंगलवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि गायत्री विहार कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में बनी दुकान के अंदर खुले पड़े सेफ्टी टैंक में एक शव पड़ा है। सूचना पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एसएसआई देवेंद्र तोमर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। करीब छह फीट गहरे टैंक में भरे चार फीट तक पानी के अंदर से शव को बाहर निकलवाया गया। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब 10 से 15 दिन पहले हुई होगी। शव काफी हद तक गल चुका है।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है। लंबाई लगभग पांच फीट है। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट, नीले रंग की जैकेट और काले रंग की पैंट पहनी थी।
फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक शराब के नशे में निर्माणाधीन मकान में प्रवेश कर गया होगा और खुले सेफ्टी टैंक में गिरने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
