युवा आक्रोश प्रदर्शन में गूंजा पेपर लीक और बेरोजगारी का मुद्दा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

भरतपुर। ब्यूरो चीफ विनोद कुमार चतुर्वेदी)भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में युवाओं द्वारा “युवा आक्रोश प्रदर्शन” आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और युवाओं ने भाग लेकर सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को न्याय दो” और “रोजगार दो, भविष्य दो” जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है तथा उनकी मेहनत और विश्वास को ठेस पहुंचाई है।

 

प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। युवाओं का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल करने और जवाबदेही तय करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।

 

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच, दोषियों पर त्वरित कार्रवाई, भर्ती परीक्षाओं में जवाबदेही तय करने, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार को शामिल किया।

 

प्रदर्शन के अंत में युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल रोजगार का नहीं, बल्कि देश की शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने का भी है।

 

“युवा जागेगा – देश आगे बढ़ेगा” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर डॉ राहुल शर्मा मालीपुरा, रविकांत शर्मा, विनोद चतुर्वेदी, नरेंद्र ,मयंक शर्मा, सौरव, विवेक, अमित चौधरी, योगेश खटाना, आकाश , उत्कर्ष उपाध्याय , अतुल शर्मा,रोहित भारद्वाज, अशोक, सौरभ पांचाल, मनोज शर्मा, गौरव तिवारीसहित अनेक युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *