हरिद्वार,उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि) को आज हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अनिल बलूनी समेत तमाम सांसद, कैबिनेट मंत्री और नेता श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे. सभी नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रिटायर्ड) बीसी खंडूड़ी के निधन को अपूरणीय क्षति बताया. बीसी खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी. मीडिया से अनुभव साझा करते हुए भी तमाम नेताओं ने भुवन चंद्र खंडूड़ी के जीवन को अनुशासन और जन सेवा की मिसाल बताया.
आज बुधवार को उनकी अंत्येष्टि के दिन सभी सरकारी विभाग बंद रहे। उनके वसंत विहार स्थित आवास पर पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देने के लिए देहरादून में उनके आवास पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उसके बाद शहर में अंतिम यात्रा निकाली गई।
हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार
पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूडी की अंत्येष्टि हरिद्वार खड़खड़ी घाट पर राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ की गई। उनके बेटे मनीष खंडूडी ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत, आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा सहित कई नेता, पूर्व सैनिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग पहुंचे।
