हरिद्वार,पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ा ढंडेरा का युवक

हरिद्वार,उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से शाहरुख, महकाब, गगनदीप और मुशर्रफ नामक चार युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि चारों पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट नेटवर्क के संपर्क में थे। सभी देश में बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व इनकी एक बैठक भी हुई थी जिसमें हथियार जुटाने की चर्चा सामने आई है

एटीएस ने इससे पूर्व पाक गैंगस्टर्स और आईएसआई से जुड़े चार आतंकी दबोचे थे। यह चौथा ग्रुप पकड़ा गया है। पाक गैंगस्टर्स ने स्लीपर सेल के इस ग्रुप को स्कूल, अस्पताल समेत कई संस्थान उड़ाने के टास्क सौंपे थे। उधर, यूपी एटीएस के हाथों दबोचे गए रुड़की के मुशर्रफ की गिरफ्तारी के बाद शहरभर में हड़कंप है। वह ईद पर घर छुट्टी आया था।

मुशर्रफ पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में आने और आतंकी गतिविधियों की साजिश में सहयोग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मुशर्रफ की बात हो रही थी। एक अस्पताल को उड़ाने के लिए हथियार खरीदने की बात चल रही थी।

एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार अन्य आरोपी महकाब और गगनदीप सिंह इंस्टाग्राम के जरिए पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के संपर्क में आए थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने अपने साथ मुशर्रफ और शाहरुख को भी जोड़ दिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, नोएडा में हुई बैठक में भी आरोपी शामिल हुए थे, जहां कथित तौर पर पैसों और हथियारों की व्यवस्था को लेकर बातचीत हुई।

 

लंढौरा क्षेत्र में जनवरी 2016 में उस समय सनसनी फैल गई थी जब चार युवकों को कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों की तैयारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी युवक इंटरनेट के माध्यम से विस्फोटक तैयार करने और बम बनाने से संबंधित जानकारी जुटा रहे थे । जांच में सामने आया था कि आरोपी युवक बम बनाने के लिए माचिस की तीलियों का बुरादा इकट्ठा कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर जांच एजेंसियों को उस स्थान की जानकारी दी थी जहां यह सामग्री छिपाकर रखी गई थी। इसके बाद एटीएस की टीम आरोपियों को लंढौरा क्षेत्र स्थित एक खेत में लेकर पहुंची थी। वहां खेत में गड्ढा खोदकर छिपाए गए माचिस की तीलियों के बुरादे को बरामद किया गया था। उस समय इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं के कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ने की आशंकाओं को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी थी।

 

खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल

सहारनपुर से उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ की ओर से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध नेटवर्क में रुड़की के ढंडेरा निवासी युवक मुशर्रफ का नाम सामने आने के बाद खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर किसी भी एजेंसी को कथित गतिविधियों की भनक तक नहीं लग पाई जबकि जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर नेटवर्क के संपर्क में थे। कोई बड़ी साजिश रच रहे थे। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था पर्याप्त रूप से सक्रिय हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *