हरिद्वार,जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने वाले आरोपी को सिडकुल पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने जेल अधीक्षक के मोबाइल पर अभद्र और धमकी भरे मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी देने के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी को हरिद्वार के सूर्यनगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु की पत्नी शीला रोशनाबाद जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। आरोपी उससे मिलने के लिए अक्सर जेल आता था। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, जेल कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से उसे रोकने-टोकने को लेकर वह नाराज था।इसी नाराजगी में उसने अपने आधार कार्ड पर नया सिम लिया और उसी नंबर से जेल अधीक्षक को वॉट्सएप कॉल और मैसेज कर धमकी दी थी। इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे थे।सोमवार को सिडकुल थाना क्षेत्र में सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान एसओ अजय शाह ने टीम के साथ आरोपी हिमांशु चोढा निवासी सिविल लाइन भारत नगर चौक लुधियाना पंजाब हाल आईडीपीएल ऋषिकेश देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी को बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह जेल अधीक्षक को डराने के उद्देश्य से अपने पास रखे तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। वह जिला कारागार की ओर जा रहा था, तभी सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पत्नी शीला के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
