देहरादून ,सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को डायल-112 के माध्यम से सहस्रधारा क्षेत्र में कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट सहस्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी थी। कार में तीन लोग सवार थे और हादसे में सभी घायल हो गए थे।
खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों ने पहले घायलों तक पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और इसके बाद उन्हें सुरक्षित तरीके से खाई से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया।
