हरिद्वार,सिटिजनशिप अमेंडमेंट एक्ट 2019 (सीएए ) के तहत उत्तराखंड में रहने वाले 159 हिंदू शरणार्थियों को भारत की नागरिकता मिलने जा रही है। भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार ने ऐसे हिंदू लोगों की गहनता से जांच पड़ताल करने के बाद उन्हें हिंदुस्तान की नागरिकता देने का निर्णय लिया है।
विदेश से आकर भारत में रह रहे शरणार्थियों को नागरिकता, राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से दी जाती है. क्योंकि, जब कोई शरणार्थी नागरिकता के लिए आवेदन करता है, तो उसके लिए विस्तृत रूप से जांच की जाती है. फिर जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकता दी जाती है.
मोदी सरकार ने 2019 में संसद से CAA को पास कर भारत में शरण लेने वाले अल्पसंख्यक हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई लोगों के लिए नागरिकता आसान बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। इस अधिनियम के तहत 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत में आए शरणार्थियों को लाभ दिया गया। उस समय विपक्ष और वामपंथी संगठनों ने इसका विरोध किया और कई स्थानों पर आंदोलन भी हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा CAA में संशोधन करके भारत में शरण लेने वाले हिंदू परिवारों की समस्याओं को दूर किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ऐसे निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम के बावजूद संशोधन सफल रहा और सही लोगों को लाभ मिला।
