हरिद्वार: रामलीला में बवाल, पत्थरबाजी से मची अफरातफरी,

हरिद्वार  के बहादराबाद कस्बे में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान हंगामे और पथराव की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोग रामलीला स्थल पर पहुंचे और पहले शोर-शराबा करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे वापस चले गए। हालांकि, कुछ देर बाद आरोपित कथित तौर पर 25 से 30 अन्य लोगों के साथ दोबारा रामलीला स्थल पर पहुंचे। इस दौरान गाली-गलौज करने, रामलीला बंद कराने की धमकी देने और मंच की ओर पत्थर फेंकने के आरोप लगाए गए हैं। पथराव से रामलीला देखने पहुंचे दर्शकों और कलाकारों में अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है। इस घटना के बाद रामलीला का मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *