हरिद्वार,पितरों को तर्पण, हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

हरिद्वार:सर्व पितृ अमावस्या के अवसर पर आज शनिवार को हरिद्वार के नारायणी शिला मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अपने पितरों की आत्मा की शांति और उनकी स्मृति में पूजा अर्चना करने के लिए सुबह से ही दूर दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. हर वर्ष की तरह इस बार भी सर्व पितृ अमावस्या पर नारायणी शिला मंदिर में मेला लगा. मान्यता है कि भगवान नारायण के श्री विग्रह का यहां कंठ से नाभि तक हिस्सा शिला के रूप में विराजमान है. वहीं भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. मंदिर के तरफ जाने वाले रास्तों पर बेरिकेडिंग लगाई है और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

पितृ अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान और पितरों के तर्पण के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दिल्ली से देहरादून जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही लंबा जाम लग गया। इसके कारण स्थानीय लोगों के साथ ही बाहरी राज्यों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।

 

वहीं, पितरों के निमित्त तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे श्रद्धालु भी जाम में फंसे रहे। पितृ अमावस्या पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *