हरिद्वार,जिलाधिकारी हरिद्वार की लोक अदालत में उत्तराखंड क्रांति दल के हस्तक्षेप के बाद ‘सुमन नगर’ की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के आदेश; जलभराव, मगरमच्छ संकट और पृथक ग्राम पंचायत गठन को लेकर प्रशासन सख्त।

आज रोशनाबाद कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित लोक अदालत/जनता मिलन कार्यक्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के महानगर कार्यकारी अध्यक्ष तुषार चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सुमन नगर की गंभीर जनसमस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया।

 

जनता मिलन में प्रस्तुत किए गए विधिक प्रतिवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी महोदय ने निम्नलिखित तत्काल और कड़े प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं:

 

1. मगरमच्छ रेस्क्यू और सुरक्षा: सुमन नगर (बंदा नंबर-3) के पास जलभराव क्षेत्र में देखे गए 2 मगरमच्छों के मामले में वन विभाग को तत्काल रेस्क्यू टीम तैनात करने और जब तक मगरमच्छ पकड़े नहीं जाते, तब तक क्षेत्र में सुरक्षात्मक गश्त जारी रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

2. जल निकासी और सैनिटाइजेशन: जलभराव और सड़ते पानी से फैल रही घातक बीमारियों (डेंगू, मलेरिया आदि) की रोकथाम के लिए सिंचाई विभाग और संबंधित निकायों को तुरंत हैवी-ड्यूटी पंप लगाकर पानी निकालने, चूना छिड़काव और फागिंग कराने के आदेश दिए गए हैं।

3. स्थायी समाधान (ड्रेनेज प्रोजेक्ट): सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे सुमन नगर में स्थायी जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) के निर्माण हेतु शीघ्र सर्वे कर नया प्रोजेक्ट तैयार करें।

4. पृथक ग्राम पंचायत गठन पर निर्देश: उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर कार्यकारी अध्यक्ष तुषार चौधरी द्वारा पूर्व में प्रस्तुत किए गए उस आवेदन पर, जिसमें राजस्व ग्राम ‘सुमन नगर’ को ‘सलेमपुर महदूद’ से पृथक कर स्वतंत्र ग्राम पंचायत बनाने की मांग की गई है, जिलाधिकारी महोदय ने जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) को आवश्यक सर्वे एवं आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

इस अवसर पर तुषार चौधरी (महानगर कार्यकारी अध्यक्ष), पुष्पा देवी (उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ महानगर हरिद्वार), जयपाल, सुरेंद्र कुमार सहित अनेक स्थानीय ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *