हरिद्वार,कोटद्वार में व्यापारी संजीव टांक से विवाद और सोशल मीडिया कमेंट के मामले में गिरफ्तार हुए दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक ने जमानत मिलने के बाद वीडियो जारी किया है। करीब कई मिनट के वीडियो में दीपक ने पूरे विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारी संजीव टांक उन्हें लंबे समय से आते-जाते कमेंट करते थे और कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द बोलते थे। शुक्रवार शाम को एसडीएम कोर्ट से दीपक को दो जमानतियों के साथ डेढ़ लाख का मुचलका पाबंद कर छोड़ा गया।
इसके साथ ही मजिस्ट्रेट संदीप कुमार की कोर्ट ने उन्हें नोटिस जारी कर अगले छह महीनों में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने पर अथवा किसी भी घटना के लिए जिम्मेदार होने पर अर्थदंड वसूलने समेत कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। बुधवार शाम को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली में धरना दिया था। उनका आरोप था कि कोटद्वार का जिम संचालक दीपक पहले भी क्षेत्र में अशांति उत्पन्न करने का कारण रहा है और अब उसने एक बार फिर हिंदू व्यापारी संजीव टांक के साथ हाथापाई करते हुए धमकी दी है।
