हरिद्वार, मुख्यमंत्री धामी ने आज संतो से की मुलाकात इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया

हरिद्वार, आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे हरिद्वार इस दौरान उन्होंने कई संतों से मुलाकात की इस दौरान उन्होंने सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की.सीएम धामी ने कहा कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है. हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है. गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है. उन्होंने कहा गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है. गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है.

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध एवं बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था द्वारा गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे एवं पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख तथा गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *