हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर में युवती को गोली मारने का मामला सामने आया है. गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गए थी, जिसे पास के हॉस्पिटल ले जाया गया था. युवती की गंभीर हालात को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, केशर नाम की युवती हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। पुलिस के अनुसार अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
घटना शुक्रवार देर रात की है। राजीव नगर क्षेत्र में कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली एक युवक को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन बीच में आई युवती गोली की चपेट में आ गई।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस घटना के पीछे हुए विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही फायरिंग की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।
