हसनपुर में महिला सुरक्षा के दावों को तार-तार करने का मामला सामने आया है। हरियाणा की युवती तो धार्मिक स्थल घुमाने के बहाने लाए सीआरपीएफ के निरीक्षक मोहित व हेड कांस्टेबिल लालाराम ने हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा संजय तोमर व हेड कांस्टेबिल प्रमोद के साथ मिलकर दुष्कर्म किया।बुधवार सुबह परेशान युवती ने पुलिस अधिकारियों को काल कर घटना की सूचना दी। दिनभर मामला दबाए बैठी रही पुलिस को दोपहर बाद इस मामले में कार्रवाई करनी पड़ी। यहां एक फार्म हाउस पर घटना को अंजाम दिया गया है। एसपी लखन सिंह यादव ने देरशाम बताया कि चारों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
हरियाणा के फतेहाबाद निवासी पीड़ित युवती का आरोप है कि उसकी महिला मित्र के कहने पर वह 21 सितंबर को सोनीपत में मोहित नामक युवक से मिली थी। वहां से मोहित उसे अपनी कार से मेरठ ले गया, जहां उसने अपने साथी लालाराम यादव को गाड़ी में बिठाया। इसके बाद आरोपी युवती को लेकर हसनपुर कोतवाली गेट पर पहुंचे, जहां गेट पर दरोगा संजय तोमर सिविल कपड़ों में उनकी गाड़ी में सवार हो गए।
आरोप के अनुसार सभी लोग हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां कमरे लिए गए। कुछ देर बाद प्रमोद नाम का व्यक्ति खाना और शराब लेकर वहां पहुंचा। रात में खाना-पीना करने के बाद मोहित, लालाराम और दरोगा संजय तोमर युवती के कमरे में जबरन दाखिल हो गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब चौथा आरोपी प्रमोद अंदर घुसा, तो पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए उसे धक्का देकर बाहर निकाला और खुद को अंदर से लॉक कर लिया।
पीड़िता ने कमरा बंद कर मोबाइल से पुलिस को सूचना दी और बुधवार सुबह को कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच की जा रही है। आरोपी मोहित सीआरपीएफ पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कॉन्स्टेबल है एवं लालाराम यादव 156 वीं बटालियन न्यू बोगाई गांव असाम में निरीक्षक है।
