यूपी: चंद्रशेखर होंगे ओवैसी के साथ गठबंधन के सीएम पद का चेहरा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में एक नया गठबंधन सामने आया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया।नए गठबंधन के घोषित किए गए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर आजाद को बनाया गया है। इसके साथ ही आगामी चुनाव में इसके प्रभाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। मोर्चा के एलान के बाद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की पहली रैली लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में करने का एलान किया है। बता दें कि ये वही मैदान हैं जहां पर बसपा सुप्रीमो मायावती रैलियां करती रही हैं।

इस घोषणा के बाद प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाना तथा युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है।

 

माना जा रहा है कि यह गठबंधन समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) समीकरण के सामने एक नई चुनौती पेश कर सकता है, जबकि विपक्षी दलों का आरोप है कि इससे भाजपा को चुनावी फायदा मिल सकता है।

 

सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

दोनों नेताओं ने बताया कि उनका मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। इसके साथ ही असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया।

 

चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन के जरिए प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। दोनों दलों का कहना है कि वे मिलकर राजनीतिक भागीदारी, अधिकार और सामाजिक परिवर्तन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

 

गठबंधन की घोषणा के दौरान सबसे अहम बात यह रही कि AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। इस घोषणा के साथ ही सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रमुख चेहरा भी सामने रख दिया है।

 

अब सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के बाद प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

 

हालांकि, इस गठबंधन को चुनाव में कितना समर्थन मिलता है, यह आने वाले समय में उम्मीदवारों के चयन और जनता के बीच पहुंच से साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *