रुद्रप्रयाग। कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। उखीमठ क्षेत्र के किणझाणी निवासी 54 वर्षीय कमल सिंह को साइबर ठगों ने 8.5 लाख रुपये और कार जीतने का झांसा देकर करीब 1.50 करोड़ रुपये ठग लिए।
बताया गया कि फेसबुक पर KBC के नाम से चल रहे ऑनलाइन गेम में चेहरा पहचानने पर 8.5 लाख रुपये का इनाम जीतने का दावा किया गया। इसके बाद ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी। विश्वास दिलाने के लिए कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमिताभ बच्चन, मुकेश अंबानी और रिजर्व बैंक के नाम से फर्जी दस्तावेज भी भेजे गए।
पीड़ित ने 30 मार्च से 16 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा की। इनाम नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। रकम जुटाने के लिए उन्होंने लोगों से उधार भी लिया।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सऐप संपर्कों की जांच कर रही है।
सावधान रहें: KBC के नाम पर इनाम, लॉटरी या कार जीतने का दावा कर टैक्स/फीस मांगने वाले संदेशों और कॉल से सावधान रहें। ऐसे मामलों में बिना सत्यापन कोई पैसा जमा न करें।
उत्तराखंड,KBC में 8.5 लाख और कार जीतने का झांसा, रुद्रप्रयाग के व्यक्ति से डेढ़ करोड़ की ठगी
