उत्तराखंड,जिलाधिकारी का आदेश केदारनाथ यात्रा दो दिन के लिए रोकी हेली सेवा भी बंद

उत्तराखंड मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम यात्रा को शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। खराब मौसम के चलते शनिवार को केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा भी संचालित नहीं हुई।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा स्थगित की गई है।मौसम सामान्य होने के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। मौसम सामान्य होने और परिस्थितियां यात्रा के अनुकूल होने के बाद केदारनाथ यात्रा फिर शुरू करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तराखंड में 26 से 28 सितंबर के दौरान बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का खतरा भी बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *