हरिद्वार,उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चा में आए दीपक कुमार एक बार फिर विवाद में हैं. इस बार मामला फेसबुक पर किए गए कमेंट्स से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोप है कि दीपक कुमार गंगा दत्त जोशी मार्ग स्थित एक साड़ी की दुकान पर पहुंचे और वहां एक व्यापारी को धमकी दी. व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस ने दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोटद्वार कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है. घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों में आक्रोश की बात सामने आई है
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद तोड़ने के दौरान घटे घटनाक्रम को लेकर कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट की थी। इस पर गंगादत्त जोशी मार्ग पर राधिका गारमेंट्स प्रतिष्ठान के संचालक संजीव टांक उर्फ बबलू ने टिप्पणी की। संजीव टांक का आरोप है कि यह टिप्पणी दीपक को नागंवार गुजरी। बृहस्पतिवार सुबह उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचकर दीपक ने न केवल अभद्रता और हाथापाई की, बल्कि आसपास के मुस्लिम व्यापारियों को उनके खिलाफ भड़काने की कोशिश की।
संजीव टांक ने इस संबंध में तहरीर पुलिस को सौंपी। कोतवाली पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। वहीं, घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया, महामंत्री नवीन गोयल विक्की के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गए। एएसपी मनोज ठाकुर भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिए जाने की बात कहते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यापारियों ने दो टूक कहा कि समाज में सांप्रदायिकता फैलाने और व्यापारियों पर आए दिन हमले करने वाले मोहम्मद दीपक के खिलाफ अगर पुलिस प्रशासन कड़ी कार्रवाई नहीं करता, तो व्यापारी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
